संचार नाउ। जेवर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा क्षेत्र के गांव चांचली में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनसमस्याओं पर संवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष सूबेदार सतपाल सिंह के नेतृत्व में हुआ।
दरअसल, ग्राम चौपाल के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों, खासकर महिला आरक्षण के मुद्दे पर सवाल उठाए और इसे राजनीतिक लाभ का प्रयास बताया। दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल कानून बनाने से नहीं, बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन से संभव है।
ब्लॉक अध्यक्ष सतपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण, एयरपोर्ट प्रभावित किसानों का पुनर्वास, मुआवजा, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं, लेकिन इन पर ठोस कार्य नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल जैसे कार्यक्रम जनता और संगठन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर कांग्रेस नेताओं ने समाधान के लिए संघर्ष का आश्वासन दिया। इस दौरान कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
