कांग्रेस ने यूपी के 6 दिग्गज नेताओं को सौंपी राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी, किसे किस राज्य की मिली जिम्मेदारी

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ: कांग्रेस पार्टी ने देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यहां के छह नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उत्तर प्रदेश के इन छह नेताओं को पार्टी आलाकमान ने राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया है. इस नई सूची में अयोध्या, रायबरेली, गाजीपुर, गोरखपुर, नोएडा और मेरठ जिलों के नेताओं का राष्ट्रीय सचिव पद के लिए मनोनयन किया गया है. पार्टी ने इन नेताओं का चयन कर यह राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया है कि कांग्रेस समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है.

सवर्ण, पिछड़ा और दलित वर्ग को मिली जगह, पर ब्राह्मण, मुस्लिम और महिलाएं रहीं नदारद

पार्टी की तरफ से जारी इस सूची में सवर्ण, पिछड़ा और दलित वर्ग के नेताओं को शामिल कर सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है. हालांकि गौर करने वाली बात यह है कि सवर्णों में ब्राह्मण नेताओं को पार्टी ने पूरी तरह दरकिनार कर दिया है और उत्तर प्रदेश के किसी भी ब्राह्मण नेता को राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व नहीं सौंपा गया है.

ठीक यही हाल मुस्लिम नेताओं का भी रहा है, क्योंकि यूपी के किसी बड़े मुस्लिम नेता को इस बार राष्ट्रीय स्तर पर कोई पद नहीं दिया गया है. इसके अलावा प्रदेश से कोई भी महिला नेत्री राष्ट्रीय सचिव बनने में सफल नहीं हो पाई है, जिसकी सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है.

अयोध्या के डॉ. राजकुमार मौर्य और रायबरेली के सुशील पासी को मिला प्रमोशन

अयोध्या के रहने वाले डॉक्टर राजकुमार मौर्य को पार्टी ने राष्ट्रीय सचिव बनाकर बड़ा सम्मान दिया है, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश की मीडिया टीम में फाइनलिस्ट हैं और एक दिन पहले ही पिछड़ा वर्ग कांग्रेस की मीटिंग में शामिल होकर अयोध्या विधानसभा सीट से टिकट की ख्वाहिश भी जता चुके हैं. वहीं रायबरेली से ताल्लुक रखने वाले सुशील पासी की गिनती कांग्रेस के बेहद सक्रिय नेताओं में होती है, जिन्हें सदन में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी का करीबी माना जाता है.

पढ़ें  1 करोड़ के नकली स्टाम्प, प्रिटिंग प्रेस…40 साल से कर रहा था धंधा, 84 साल के कमरुद्दीन की कहानी

यही मुख्य कारण रहा कि जब उत्तर प्रदेश के दलित समाज से आने वाले किसी नेता को राष्ट्रीय स्तर पर भेजने का मन बनाया गया, तो सुशील पासी को नजरअंदाज नहीं किया जा सका और उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाया गया. दूसरी तरफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार की भूमिका को देखते हुए नोएडा के ओमवीर यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पहले यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

मेरठ, गाजीपुर और गोरखपुर के नेताओं को तोहफा, सह प्रभारियों संग मिलकर करेंगे काम

इसी कड़ी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवनीश काजला को भी राष्ट्रीय सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है. पूर्वांचल क्षेत्र के गाजीपुर निवासी राहुल राजभर को भी राष्ट्रीय स्तर पर सचिव पद सौंपा गया है, जिन्होंने खुद राहुल गांधी के समक्ष इस पद के लिए इंटरव्यू दिया था. इसके अलावा गोरखपुर से आने वाले पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह को भी पार्टी ने उनकी कड़ी मेहनत का फल देते हुए प्रदेश की राजनीति से उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है. इससे पहले एआईसीसी ने कुछ माह पूर्व अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी और अब्दुल हन्नान को राष्ट्रीय सचिव व यूपी का सह प्रभारी बनाकर अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिनके साथ मिलकर ये नए पदाधिकारी संगठन को मजबूत करेंगे.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment