महिला आरक्षण व किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस की रणनीति बैठक, भाजपा पर दुष्प्रचार का आरोप

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। गौतम बुद्ध नगर कांग्रेस कमेटी के द्वारा बिलासपुर में कांग्रेस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे कथित भ्रम और कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए मैदानी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही स्थानीय किसानों की समस्याएं, भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों की अनदेखी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी गंभीर मंथन हुआ।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और प्रशासन का उपयोग जनता की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी भाजपा केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और शहरों में जाकर सच्चाई जनता तक पहुंचाएंगे। साथ ही उन्होंने भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि उनके साथ हो रहा अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस उनके हक की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।

वही नगर अध्यक्ष यूनुस कुरैशी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब सच्चाई और मजबूत संगठन से दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है, जिससे आम जनता और किसानों की समस्याएं नजरअंदाज हो रही हैं।

पूर्व जिला अध्यक्ष हाजी तफसीर आलम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा भाईचारे, न्याय और समानता पर आधारित रही है, जबकि वर्तमान में समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और किसानों जैसे मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

पढ़ें  एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, दुष्प्रचार का जवाब देने और किसानों व आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। बैठक में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment