देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल शुरू, एआर रहमान, इम्तियाज अली ने जमाया रंग

Sanchar Now
3 Min Read

साउंड्स एंड स्टोरीज – द मेकिंग ऑफ आइकॉन्स में ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने अपनी रचनात्मक यात्राओं के कई अनसुने किस्से साझा किए। इदा अली के साथ हुई बातचीत में संगीत और सिनेमा के गहरे रिश्ते, दोनों कलाकारों के आपसी सहयोग और फिल्मों के लिए संगीत तैयार करने की रचनात्मक प्रक्रिया पर चर्चा हुई।

अपने लोकप्रिय गीतों का जिक्र करते हुए रहमान ने बताया कि फिल्म हाईवे के पटाखा गुड्डी और माही वे की शुरुआती धुनें एक जैसी संगीत संरचना से निकली थीं। वहीं, अगर तुम साथ हो गीत को खास पहचान देने में अरिजीत सिंह की आवाज की अहम भूमिका रही। कलाकार के विकास में रचनात्मक आलोचना के महत्व पर उन्होंने कहा कि किसी कलाकार के लिए हल्का-सा अपमान भी जरूरी होता है, बशर्ते वह सही व्यक्ति की ओर से हो।

रॉकस्टार के तीन गाने पहले ही तैयार कर चुके थे रहमान

इम्तियाज अली ने रहमान के साथ अपने रचनात्मक जुड़ाव और फिल्म रॉकस्टार के निर्माण से जुड़े दिलचस्प अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया, जब दोनों एक-दूसरे से फिल्म को लेकर बातचीत शुरू करने का इंतजार कर रहे थे। बाद में पता चला कि रहमान तब तक फिल्म के लिए तीन गाने तैयार कर चुके थे। फिल्म अमर सिंह चमकीला का जिक्र करते हुए इम्तियाज ने बताया कि इश्क मिटाए गीत का विचार फिल्म बनने से काफी पहले ही आकार ले चुका था। चमकीला की कहानी उन्हें पंजाब के संदर्भ में बेहद प्रासंगिक लगी। उन्होंने रहमान के व्यक्तित्व और उनके साथ काम करने को लेकर फिल्म जगत में शुरुआती दिनों के आकर्षण को भी याद किया। अपनी रचनात्मक यात्राओं और जीवन के उद्देश्य पर बात करते हुए इम्तियाज अली ने कहा कि हम यहां कुछ और पाने और कुछ और खोजने के लिए हैं। संवाद के दौरान दोनों कलाकारों ने बताया कि संगीत और सिनेमा की दुनिया में नए प्रयोग, आपसी समझ और लगातार कुछ नया खोजने की चाह ही रचनात्मकता को आगे बढ़ाती है।

पढ़ें  राजकुमार कोहली की प्रार्थना सभा में हंसते नजर आए सनी देओल, जमकर हो रहे ट्रोल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment