राम मंदिर दान राशि और भूमि सौदों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग, कांग्रेस ने प्रदर्शन कर सौपा ज्ञापन

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े कथित दान राशि, भूमि क्रय-विक्रय और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

दरअसल, प्रदर्शन के दौरान जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। देशभर के श्रद्धालुओं ने मंदिर निर्माण के लिए अपनी मेहनत की कमाई और विश्वास के साथ दान दिया है। ऐसे में यदि दान राशि, भूमि खरीद-फरोख्त या ट्रस्ट के कार्यों को लेकर किसी प्रकार के आरोप सामने आते हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

जिला उपाध्यक्ष नीरज लोहिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी धार्मिक आस्था या संस्था के विरोध में नहीं है, बल्कि सार्वजनिक धन और जनविश्वास से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की पक्षधर है। उनका कहना था कि यदि आरोप निराधार हैं तो जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष मोहित भाटी एडवोकेट ने बताया कि ज्ञापन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से संबंधित दान राशि, भूमि क्रय-विक्रय और अन्य वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र एजेंसी अथवा न्यायिक निगरानी में जांच कराने तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की गई है।

पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन महाराज सिंह नागर ने कहा कि भगवान श्रीराम देश की आस्था के प्रतीक हैं और उनके नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती। जनविश्वास की रक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार एवं संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है।

पढ़ें  बिल्डर की मनमानी के खिलाफ इरोज सम्पूर्णम सोसाइटी के निवासियों का 10वे हफ्ते भी जारी रहा प्रदर्शन

इस दौरान मुकेश शर्मा, आर.के. प्रथम, महाराज सिंह नागर, नीरज लोहिया, मोहित भाटी एडवोकेट, हरेंद्र शर्मा, सुरेंद्र प्रताप सिंह, अरुण भाटी, गौतम सिंह, कपिल भाटी, सुबोध भट्ट, मोहम्मद तनवीर अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment