संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुप्रतीक्षित आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 का ड्रा गुरुवार को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। ड्रा प्रक्रिया का लाइव प्रसारण प्राधिकरण की वेबसाइट, फेसबुक, यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया गया, जिसे हजारों आवेदकों ने ऑनलाइन देखा।
दरअसल, प्राधिकरण के अनुसार योजना के लिए कुल 1,10,203 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 169 आवेदन अपात्र पाए गए। इसके बाद कुल 1,10,034 पात्र आवेदकों को ड्रा में शामिल किया गया। योजना के तहत कुल 973 आवासीय भूखंडों का आवंटन किया गया।
सबसे अधिक मांग 200 वर्गमीटर और 162 वर्गमीटर श्रेणी के भूखंडों की रही। 162 वर्गमीटर श्रेणी में 476 भूखंडों के लिए 48,920 आवेदन, जबकि 200 वर्गमीटर श्रेणी में 481 भूखंडों के लिए 57,620 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा 183 वर्गमीटर के 4 भूखंडों के लिए 566 आवेदन, 184 वर्गमीटर के 4 भूखंडों के लिए 539 आवेदन, 223 वर्गमीटर के 6 भूखंडों के लिए 1,528 आवेदन और 290 वर्गमीटर के 2 भूखंडों के लिए 861 आवेदन प्राप्त हुए।
ड्रा प्रक्रिया आवंटन समिति एवं स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, डेटा सेंटर और अन्य बड़ी परियोजनाओं के चलते यमुना प्राधिकरण क्षेत्र निवेशकों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यही वजह है कि इस बार भी भूखंड योजना को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली और लाखों लोगों ने अपनी किस्मत आजमाई।
मुख्य आंकड़े
🔹 कुल भूखंड – 973
🔹 कुल आवेदन – 1,10,203
🔹 अपात्र आवेदन – 169
🔹 पात्र आवेदन – 1,10,034
🔹 ड्रा स्थल – इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा
🔹 ड्रा का लाइव प्रसारण – वेबसाइट, यूट्यूब, फेसबुक व अन्य प्लेटफॉर्म पर।
