जेवर एयरपोर्ट पर किसानों के बच्चों को नौकरी के लिए रोजगार पोर्टल शुरू, आवेदन को ये कागज रखें तैयार

Sanchar Now
2 Min Read

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली उड़ान के साथ ही यहां की जमीन देने वाले किसानों के परिवारों के सपनों को भी नई उड़ान मिलने जा रही है. जेवर में जिला प्रशासन, यमुना प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों के साझा प्रयास से प्रभावित युवाओं के लिए रोजगार पोर्टल का शुभारंभ किया गया है. यह पोर्टल न सिर्फ नौकरी के अवसर खोलेगा बल्कि युवाओं के कौशल विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा.

रोजगार पोर्टल का शुभारंभ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में समारोह के साथ हुआ. इस मौके पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह, यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह और गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा मौजूद रहे. तीनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस पोर्टल की शुरुआत करते हुए कहा कि यह पहल उन किसानों से किए गए वादों को निभाने का ठोस कदम है, जिन्होंने एयरपोर्ट परियोजना के पहले चरण में अपनी जमीनें दी थीं.

पोर्टल से जुड़ने के लिए लगेगा कैम्प

रोजगार पोर्टल से जुड़ने के लिए 10 जून से जेवर स्थित आरएंडआर कॉलोनी और नगर पंचायत रबूपुरा में विशेष कैंप लगाए जाएंगे. इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित परिवारों के युवाओं से ऑनलाइन आवेदन भरवाए जाएंगे. पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद युवाओं को स्थानीय और औद्योगिक इकाइयों में योग्यता के अनुसार नौकरियां प्रदान की जाएंगी.

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि यह केवल ज़मीन की भरपाई नहीं, बल्कि उस विश्वास की वापसी है जो किसानों ने सरकार पर जताया था. रोजगार पोर्टल एक मील का पत्थर है जो हमारे वादे को निभाने की दिशा में बड़ा कदम है.

यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने कहा कि यह पोर्टल पारदर्शी ढंग से युवाओं को रोजगार से जोड़ने में सहायक होगा. जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवारों के बच्चों का डाटाबेस तैयार है और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाया जाएगा. नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण से न सिर्फ क्षेत्र का विकास हो रहा है, बल्कि इसके साथ जुड़े किसानों के परिवारों को भी बेहतर भविष्य की दिशा में अवसर मिलेंगे.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment