संचार नाउ। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के बील अकबरपुर टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों के कथित अभद्र व्यवहार और किसानों की लंबित समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के नेतृत्व में मंगलवार को बड़ी महापंचायत आयोजित की गई। हजारों की संख्या में जुटे किसानों ने टोल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। लंबे समय से लंबित मांगों और टोल पर व्यवहार को लेकर किसानों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि करीब 15 वर्ष पूर्व एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया गया था, उस समय पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं के वादे किए गए थे। लेकिन आज तक किसानों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये और अन्य लाभ नहीं मिले। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

महापंचायत में किसानों ने प्रशासन को आधे घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सभी टोल प्लाजा फ्री करने की चेतावनी दी। मौके पर पहुंचे एनएचएआई और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने वार्ता कर तीन दिन में समाधान का आश्वासन दिया। महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल ने मांग रखी कि टोल प्लाजा के 15 किलोमीटर दायरे में आने वाले स्थानीय किसानों को आईडी के आधार पर टोल फ्री किया जाए।
किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो बील अकबरपुर टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन महापड़ाव शुरू किया जाएगा और सभी टोल फ्री कर दिए जाएंगे।
