नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के एफ-463 स्थित एक गारमेंट कंपनी में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग कंपनी की इमारत की चौथी मंजिल पर लगी थी. आग लगने की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया.
फायर कर्मियों को कड़ी मशक्कत से बुझी आग: आग चौथी मंजिल पर होने के चलते फायर कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. कई घंटे की मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया. आग बुझाने के दौरान फायर कर्मियों ने बिल्डिंग में कोई भी कर्मचारी या व्यक्ति फंसा हुआ नहीं पाया गया. राहत की बात रही कि सुबह का टाइम होने के चलते किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई. फिलहाल आग को बुझा दिया गया है और फायर कर्मी आग को कूल डाउन कर रहे हैं.
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने दी घटना की जानकारी:
प्रदीप कुमार ने बताया कि आज शुक्रवार को थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के अंतर्गत f-463 स्थित गारमेंट की कंपनी में चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. उक्त सूचना पर मौके पर पहुंची फायर सर्विस यूनिट द्वारा 8 गाड़ियों की मदद से आग को बुझा दिया गया. कोई जनहानि नही हुई. उन्होंने बताया कि आग बड़ी होने के चलते आसपास की कंपनियों को खाली कराया गया, ताकि किसी प्रकार की कोई जनहानि ना हो सके. फैक्ट्री में गारमेंट से संबंधित सामान होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका थी. ऐसे में दमकल कर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया. करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
गारमेंट फैक्ट्री में लगी आग की वजह साफ नहीं
चीफ फायर अधिकारी ने बताया कि जिस गारमेंट फैक्ट्री में आग लगी थी, वहां प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है, या फिर कंपनी में एसी कोई चीज जला कर छोड़ी गई थी, जिसमें ब्लास्ट के बाद आग लगी है. उन्होंने बताया कि गारमेंट कंपनी में फैशन डिजाइनिंग का काम किया जाता है. शुरुआती दौर में कंपनी के कुछ कर्मचारियों द्वारा कंपनी के फायर सिस्टम से आग बुझाने का प्रयास किया गया, पर वह सफल नहीं हो पाए. फिर कहीं जाकर फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया.
