यमुना प्राधिकरण की ग्रीन बेल्ट में हरियाली का विस्तार, 50 मीटर चौड़े क्षेत्र में हुआ वृहद पौधरोपण

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया।

यमुना प्राधिकरण के 60 मीटर रोड के साथ 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में आयोजित कार्यक्रम में विधायक धीरेन्द्र सिंह ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र भाटी, वरिष्ठ प्रबंधक (उद्यान) डॉ. आरती सिंह सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अभियान में स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी की। बच्चों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्हें पेड़ों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और पिलखन जैसी देशी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। आयोजकों के अनुसार, स्थानीय प्रजातियों के पौधों से क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन की गतिविधि न होकर निरंतर जिम्मेदारी है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण से ही अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा। ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment