दनकौर में कूड़े का कहर! आधा दर्जन गोवंश की मौत का आरोप, 1 दिसंबर से आंदोलन की चेतावनी

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। दनकौर नगर पंचायत की ओर से तिरंगा गोल चक्कर के पास खुले में कूड़ा डाले जाने को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल ने कड़ा विरोध जताया है। मंगलवार को संगठन के जिला अध्यक्ष त्रिलोक गुर्जर नवादा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर इस समस्या पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण खुले में फेंका जा रहा सड़ा-गला कचरा न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि बेजुबान गोवंश की जान पर भी भारी पड़ रहा है।

दरअसल, त्रिलोक गुर्जर ने कहा कि खुले में पड़े कचरे में खाने की तलाश में बेसहारा गोवंश पहुंच जाते हैं। कचरे के साथ फेंकी गई पॉलिथीन, प्लास्टिक और सड़ा हुआ भोजन उनके लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पॉलिथीन निगलने से गोवंश के पाचन तंत्र में रुकावट पैदा हो सकती है, वहीं दूषित भोजन खाने से संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह का दूषित भोजन खाने से अब तक करीब आधा दर्जन गोवंश की मौत हो चुकी है। बेसहारा पशुओं की इस दुर्दशा को देखकर बेहद पीड़ा होती है।

कूड़े से पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी खतरा

उन्होंने कहा कि खुले में जमा कचरा केवल गोवंश के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी गंभीर समस्या है। सड़ते कचरे से निकलने वाली दुर्गंध, हानिकारक गैसें और पनपने वाले कीटाणु वातावरण को प्रदूषित करते हैं। बारिश के दौरान कचरे से निकलने वाला गंदा पानी मिट्टी और भूजल को भी दूषित कर सकता है। प्लास्टिक और पॉलिथीन लंबे समय तक नष्ट नहीं होते, जिससे पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचता है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा के किसानों को राहत: लीज बैक पर ब्याज माफी का प्रस्ताव, 64.7% अतिरिक्त मुआवजे को भी मंजूरी

1 दिसंबर से यमुना प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन

त्रिलोक गुर्जर ने यमुना प्राधिकरण और दनकौर नगर पंचायत को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि खुले में कूड़ा डालने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं की गई तो 1 दिसंबर को दनकौर से यमुना प्राधिकरण तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्राधिकरण कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस दौरान देवा योगी, आकाश दनकौर, देहात गोरक्षक प्रमुख अमन भड़ाना, अनुज योगी, तरुण पवार, यश कुमार और आयुष हिन्दू सहित राष्ट्रीय बजरंग दल के कई गौरक्षक मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment