संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के रजत जयंती समारोह के चौथे दिन तकनीकी नवाचार, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और शैक्षणिक उत्कृष्टता का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंगलवार को आयोजित संस्थापक दिवस कार्यक्रम उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
समारोह की शुरुआत ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में स्थापित एआईसीटीई आइडिया लैब के उद्घाटन से हुई। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान सांसद जगदंबिका पाल ने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर लैब का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा विकसित नवाचार परियोजनाओं का अवलोकन करते हुए कहा कि एआईसीटीई आइडिया लैब जैसे मंच युवाओं को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर बल दिया और छात्रों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता, वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता, जीआईएमएस के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह, जे.एस. रावल सहित विभिन्न संस्थानों के निदेशक, डीन, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अभिषेक शर्मा, महामेधा नागर और ब्रिगेडियर (डॉ.) राकेश कुमार गुप्ता शामिल रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण, शास्त्रीय-अर्धशास्त्रीय, रेट्रो टू मेट्रो, बॉलीवुड फ्यूजन, भांगड़ा और दक्षिण भारतीय प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। तकनीकी प्रतियोगिताओं में ब्रिज कृति, स्क्विड गेम और “बैटल ऑफ बाइट्स” में दर्जनों टीमों ने भाग लेकर कौशल का प्रदर्शन किया।

पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता और सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर डॉ. राजेश गुप्ता ने संस्थान की 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।
