विश्व योग दिवस पर शारदा विश्वविद्यालय में योगोत्सव का भव्य आयोजन

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। विश्व योग दिवस के अवसर पर नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय, शारदा केयर हेल्थ सिटी और शारदा हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योगोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 छात्र-छात्राओं, फैकल्टी सदस्यों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और विदेशी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

योगोत्सव में शारदा केयर के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, मरीजों के परिजनों, एनएसएस सेल तथा एनसीसी 31 यूपी गर्ल्स बटालियन के कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही योग व्याख्यान, योग प्रदर्शन और चेयर योग सत्र का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बीपी, शुगर और बीएमआई की जांच की गई। साथ ही डिजिटल स्वास्थ्य कूपन उपलब्ध कराए गए, जिससे लोगों को निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा सके।

शारदा विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ वैश्विक समन्वय को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में भविष्य में भी योग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

वहीं, वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा ने कहा कि योग लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक संतुलन बनाए रखने और प्रकृति से जुड़ने की प्रेरणा देता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य समाज को स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर दिनेश राय, कर्नल सुमित बाना, कर्नल अंकुर, डॉ. भुवनेश कुमार, डॉ. आर.सी. सिंह, डॉ. विवेक गुप्ता, डॉ. अन्विति गुप्ता, डॉ. मोहित साहनी, डॉ. अजीत कुमार, डॉ. प्रमोद, डॉ. पल्लवी गुप्ता, डॉ. यशोधरा सहित विभिन्न विभागों के डीन, एचओडी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment