दिवाली से पहले रोशनी से जगमग होगा ग्रेटर नोएडा, तीन प्रमुख मार्गों पर लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। दिवाली से पहले ग्रेटर नोएडा की प्रमुख सड़कों को बेहतर रोशनी से लैस करने की तैयारी तेज हो गई है। रात के समय आवागमन को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के साथ शहर की प्रकाश व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तीन प्रमुख मार्गों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है। इन परियोजनाओं पर करीब 6.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल के मुताबिक, कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक करीब 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 9 मीटर ऊंचे डबल और सिंगल विंग के 108 पोल लगाए जाएंगे। इस काम पर करीब 1.75 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

तीन प्रमुख मार्गों पर बदलेगा स्ट्रीट लाइट नेटवर्क

इसी तरह गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौड़ सिटी अंडरपास और खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी तक करीब चार किलोमीटर मार्ग पर 217 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाएंगे। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 98 लाख रुपये है। नई रोशनी से आसपास की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।

चार मूर्ति से एक मूर्ति तक दिखेगा आधुनिक लाइटिंग का स्वरूप

ग्रेटर नोएडा एंट्री प्वाइंट के पास चार मूर्ति चौराहे से एक मूर्ति रोटरी तक 130 मीटर चौड़ी सड़क पर भी विशेष प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। यहां 9 मीटर ऊंचे कोनिकल आर्च पोल लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 3.74 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के लिए ई-निविदा पहले ही जारी की जा चुकी है। 28 सितंबर को प्री-बिड बैठक भी आयोजित हो चुकी है, जिसके बाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पढ़ें  स्वच्छता रैंकिंग में स्टेलर वन अव्वल, गैर-आवासीय श्रेणी में प्रज्ञान स्कूल पहले स्थान पर

समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को तीनों मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण के मुताबिक नई प्रकाश व्यवस्था से प्रमुख मार्गों पर रात में दृश्यता बेहतर होगी और लोगों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था के जरिए शहर के स्ट्रीट लाइट नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment