संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में लंबे समय से छह प्रतिशत आबादी भूखंडों के आवंटन का इंतजार कर रहे सैनी गांव के किसानों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी राहत दी है। प्राधिकरण ने 39 किसानों के लिए कुल 58 आबादी भूखंडों का आवंटन पूरा कर दिया है। बुधवार को प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किसानों की मौजूदगी में आवंटन प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
दरअसल, ओएसडी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में समान आकार वाले 18 भूखंडों के लिए ड्रा कराया गया। ये भूखंड 17 किसानों से संबंधित थे। ड्रा की प्रक्रिया किसानों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
40 भूखंड सीधे किए गए आवंटित
वहीं, अलग-अलग आकार के 40 आबादी भूखंडों के लिए ड्रा की आवश्यकता नहीं पड़ी। इन भूखंडों का संबंधित पात्र किसानों के नाम सीधे आवंटन कर दिया गया। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
सीईओ के निर्देश पर तेज हुई प्रक्रिया
सैनी गांव के किसानों की जमीन अधिग्रहण के बाद से छह प्रतिशत आबादी भूखंडों का आवंटन लंबे समय से लंबित था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित अधिकारियों को किसानों के लंबित आबादी भूखंडों का आवंटन जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह प्रतिशत आबादी भूखंड विभाग ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आवंटन पूरा कराया।
अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द मिलेगा भूखंड
ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा कि पात्र किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। सैनी गांव की तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी भूखंड जल्द आवंटित किए जाएंगे।
आवंटन प्रक्रिया के दौरान नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार, प्रबंधक कपिल तोंगड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
