संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बड़ी प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। एयरपोर्ट को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से कंडीशनल सिक्योरिटी क्लीयरेंस प्राप्त हो गया है, जिससे जल्द ही यहां से हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलने के बाद अब डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) की टीम एयरपोर्ट का विस्तृत निरीक्षण करेगी। निरीक्षण में सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। यदि सब कुछ मानकों के अनुरूप पाया गया तो एरोड्रम लाइसेंस जारी किया जाएगा, जिसके बाद एयरपोर्ट से उड़ान संचालन का रास्ता लगभग साफ हो जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण और संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलना एक महत्वपूर्ण चरण है और अब डीजीसीए के निरीक्षण के बाद लाइसेंस मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के सबसे बड़े और आधुनिक एयरपोर्ट में से एक माना जा रहा है। इसके शुरू होने से गौतम बुद्ध नगर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, साथ ही क्षेत्र में निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
