ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल से जुड़ेगा शहर

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय में हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाली डबल डेकर सड़क और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

दरअसल, बैठक में 130 मीटर चौड़ी सड़क को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने की परियोजना पर सहमति बनी। पहले चरण में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से एक मूर्ति तक डबल डेकर सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 756.01 करोड़ रुपये है। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नोएडा और यीडा समेत संबंधित प्राधिकरणों की सहमति ली जाएगी। सड़क बनने से ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

वहीं ग्रेटर नोएडा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनाने को भी बोर्ड ने मंजूरी दी है। फेस-1 में इस सड़क का करीब छह किलोमीटर हिस्सा पहले ही बन चुका है। अब फेस-2 में जुनपत से ईस्टर्न पेरिफेरल तक करीब 12 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क 10 लेन और चार सर्विस लेन के रूप में विकसित होगी।

परियोजना के मार्ग में रेलवे लाइन, ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लिंक लाइन और जीटी रोड आने के कारण तीन ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। सड़क के निर्माण का खर्च एनएचएआई वहन करेगा, जबकि भूमि उपलब्ध कराने और अधिग्रहण से जुड़ी जिम्मेदारी संबंधित प्राधिकरणों की होगी। इन परियोजनाओं से ग्रेटर नोएडा की दिल्ली-एनसीआर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment