रिठौरी में फुटओवर ब्रिज और एनडीआरएफ को 30 फ्लैट, ग्रेटर नोएडा में सफाई व्यवस्था भी होगी मजबूत

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय में हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में ग्रामीणों की सुविधा और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए रिठौरी गांव में रेलवे लाइन के ऊपर फुटओवर ब्रिज तथा एनडीआरएफ के रीजनल रेस्पॉन्स सेंटर के लिए 30 फ्लैट निशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

दरअसल, रिठौरी गांव में रेलवे लाइन पार करने में ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को देखते हुए फुटओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। ब्रिज में रैंप, सीढ़ियों और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके निर्माण का खर्च ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा। रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण के लिए संबंधित विभाग से स्वीकृति और एनओसी ली जाएगी। परियोजना से ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने में सुरक्षित और सुविधाजनक रास्ता मिलेगा।

वहीं आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के लिए एनडीआरएफ की 8वीं वाहिनी, गाजियाबाद के रीजनल रेस्पॉन्स सेंटर को सेक्टर ओमीक्रॉन-1ए में 30 फ्लैट निशुल्क आवंटित किए जाएंगे। इन आवासों का इस्तेमाल आपदा के समय तैनात टीमों के कैंप, परिसर और स्टाफ कार्यालय के रूप में किया जाएगा। इससे प्राकृतिक आपदा, औद्योगिक दुर्घटना, भवन गिरने और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही प्राधिकरण ने शहर की सड़कों पर धूल-मिट्टी के नियंत्रण और वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सेंट्रल और ईस्ट जोन में पांच वर्ष तक मैकेनिकल रोड स्वीपिंग कराने का निर्णय लिया है। इससे सड़क सफाई और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

पढ़ें  नोएडा सेक्टर-153 में भूजल का खेल! ढाई साल से बिल्डर पर दोहन के आरोप, प्रशासन पर उठे सवाल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment