श्रमिकों के लिए आवास, हॉस्टल और छात्रों के लिए बनेगी लाइब्रेरी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक गुरुवार को प्राधिकरण कार्यालय में हुई, जिसमें कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में औद्योगिक शहर में रोजगार की तलाश में आने वाले अप्रवासी श्रमिकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई। प्राधिकरण ने श्रमिकों के लिए ईडब्ल्यूएस आवास और ट्रांजिट लेबर हॉस्टल बनाने के साथ ही सेक्टर अल्फा-1 में पब्लिक लाइब्रेरी बनाने का फैसला लिया।

दरअसल, प्राधिकरण पतवाड़ी और बिरौंडी गांव में ईडब्ल्यूएस फ्लैट बनाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसी साल के अंत तक निर्माण शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इन आवासों का उद्देश्य दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले निर्माण श्रमिकों तथा उनके परिवारों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनधिकृत कॉलोनियों में रहने या अपनी जमा पूंजी लगाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

इसके अलावा ईकोटेक-6 और ईकोटेक-11 में 3000-3000 वर्ग मीटर भूमि ट्रांजिट लेबर हॉस्टल के लिए चिन्हित की गई है। यह भूमि श्रम विभाग को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। हॉस्टल में श्रमिक कम किराये पर अस्थायी रूप से रहकर रोजगार तलाश सकेंगे।

वहीं सेक्टर अल्फा-1 में 1360 वर्ग मीटर में पब्लिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी। तीन मंजिला लाइब्रेरी में बच्चों, छात्रों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किताबें उपलब्ध होंगी। जरूरतमंद छात्र न्यूनतम शुल्क पर किताबें लेकर परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। दोनों योजनाओं से श्रमिकों और छात्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

पढ़ें  ग्रेनो पुष्प प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, फूलों की आकृतियों संग सेल्फी का क्रेज
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment