ग्रेनो पुष्प प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब, फूलों की आकृतियों संग सेल्फी का क्रेज

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से सिटी पार्क में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने प्रदर्शनी का आनंद लिया। रंग-बिरंगे फूलों से बनी आकर्षक आकृतियों के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही, जिससे पूरा सिटी पार्क उत्साह और उल्लास से भरा नजर आया।

पुष्प प्रदर्शनी में “ऑपरेशन सिंदूर” की थीम पर बनी विशेष आकृति लोगों को खासा आकर्षित कर रही है। इसके अलावा फूलों से निर्मित राष्ट्रीय पक्षी मोर, कैटरपिलर, टाइगर, बटरफ्लाई सहित कई कलात्मक आकृतियां दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। प्रदर्शनी में 50 से अधिक किस्मों के करीब 70 हजार से ज्यादा पुष्प प्रदर्शित किए गए हैं, जो प्रकृति की सुंदरता और रचनात्मकता का अद्भुत उदाहरण पेश कर रहे हैं।

पार्क में बनाए गए प्ले एरिया में बच्चों ने जमकर मस्ती की। परिवारों के साथ आए बच्चों के लिए यह प्रदर्शनी मनोरंजन और सीख का बेहतरीन माध्यम बनी। प्राधिकरण की ओर से पुष्प प्रदर्शनी में प्रवेश और पार्किंग पूरी तरह निशुल्क रखी गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।

प्रदर्शनी स्थल पर लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। शुक्रवार को 18 स्कूलों के बच्चों ने फैशन शो में भाग लिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं 17 स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नाटक मंचन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जिससे लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

पढ़ें  Greater Noida Authority के नए सीईओ रवि कुमार एनजी बने, रितु माहेश्वरी को हटाया! UP में 4 IAS अफसरों के तबादले

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने जिले के निवासियों से अपील की है कि वे पुष्प प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। पुष्प प्रदर्शनी शहर की सुंदरता, सांस्कृतिक चेतना और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment