संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आयोजित स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। आवासीय श्रेणी में सेक्टर-1 स्थित स्टेलर वन सोसाइटी ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि स्टेलर जीवन सेक्टर-1 दूसरे और एडब्ल्यूएचओ टाउनशिप चाई-2 तीसरे स्थान पर रही। वहीं गैर-आवासीय श्रेणी में प्रज्ञान स्कूल गामा-1 ने पहला, दिल्ली पब्लिक स्कूल गामा-2 ने दूसरा और बैनेट यूनिवर्सिटी टेकजोन-2 ने तीसरा स्थान हासिल किया।
दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान पाने वालों को एक-एक लाख रुपए, द्वितीय स्थान को 75-75 हजार और तृतीय स्थान को 50-50 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा दोनों श्रेणियों में दो-दो प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 25-25 हजार रुपए दिए गए। आवासीय श्रेणी में यह पुरस्कार एल्डिको मैस्टिक ग्रींस अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन ओमिक्रोन-1 और पूर्वांचल सिल्वर सिटी 2-फाई-2 को मिला, जबकि गैर-आवासीय श्रेणी में बेथानी कॉन्वेंट स्कूल डेल्टा-2 और क्राउन प्लाजा सूरजपुर को सम्मानित किया गया।
सिटी पार्क में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी के समापन समारोह में दादरी विधायक तेजपाल नागर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। विधायक ने कहा कि पुष्प जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और ऐसे आयोजनों से शहर की सुंदरता और पहचान बढ़ती है। उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता के लिए आभार जताया।
एसीईओ लक्ष्मी वीएस ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए ग्रेटर नोएडा वासियों से हरियाली और स्वच्छता को बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की। उन्होंने बल्क वेस्ट जेनरेटरों से कचरे के वैज्ञानिक निपटान का भी आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में आयोजित चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी में 50 से अधिक किस्मों के करीब 70 हजार पुष्प प्रदर्शित किए गए, जिसे देखने के लिए जिले भर से तीन लाख से अधिक लोग पहुंचे। यह आयोजन स्वच्छ, सुंदर और हरित ग्रेटर नोएडा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
