संचार नाउ। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ट्रेड फेयर में ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक ताकत और विकास की संभावनाएं आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। उत्तर प्रदेश पवेलियन के तहत लगाए गए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्टॉल का शनिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुभारंभ करने के बाद निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां प्रदर्शित विकास परियोजनाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे की जानकारी ली तथा स्टॉल की सराहना की।
दरअसल, इस दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने मुख्य सचिव को शहर की प्रमुख परियोजनाओं, औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा सुनियोजित विकास, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
औद्योगिक टाउनशिप से लॉजिस्टिक हब तक दिखाई विकास की तस्वीर
दो सप्ताह तक चलने वाले इस ट्रेड फेयर में प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा की महत्वपूर्ण औद्योगिक और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को प्रदर्शित किया है। स्टॉल पर आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब के साथ शहर के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा व्यावसायिक और संस्थागत योजनाओं को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है, जिससे देश-विदेश से आने वाले निवेशकों को ग्रेटर नोएडा में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों और निवेश की संभावनाओं को समझने का अवसर मिल रहा है।
निवेशकों के लिए उभरता पसंदीदा ठिकाना
एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने मुख्य सचिव को बताया कि ग्रेटर नोएडा औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। आने वाले समय में यहां औद्योगिक गतिविधियों के साथ व्यावसायिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सुनियोजित विकास और बेहतर प्लानिंग को ग्रेटर नोएडा की सबसे बड़ी विशेषताओं में शामिल बताया।
निवेशकों से स्टॉल देखने की अपील
प्राधिकरण की ओर से ट्रेड फेयर में पहुंच रहे देश-विदेश के निवेशकों और उद्यमियों से स्टॉल का भ्रमण करने की अपील की गई है, ताकि वे ग्रेटर नोएडा में उपलब्ध औद्योगिक, व्यावसायिक और संस्थागत निवेश के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रेटर नोएडा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश के एक मजबूत गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है।
