यमुना प्राधिकरण की विकास योजनाओं की मुख्य सचिव ने की सराहना, एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाओं पर लिया अपडेट

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। प्रगति मैदान, दिल्ली में आयोजित मेले में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने उत्तर प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करने के बाद यमुना प्राधिकरण के स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और प्रदर्शित योजनाओं की सराहना की।

दरअसल, मुख्य सचिव ने यमुना प्राधिकरण के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न पोस्टर्स और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना, औद्योगिक क्लस्टर्स और मेडिकल डिवाइसेज पार्क से संबंधित योजनाओं में रुचि दिखाई। अधिकारियों से इन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, विकास कार्यों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

एयरपोर्ट बनेगा क्षेत्र के आर्थिक विकास का बड़ा आधार

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल हवाई यातायात ही नहीं, बल्कि औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। एयरपोर्ट के आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर्स, लॉजिस्टिक्स और विनिर्माण संबंधी परियोजनाओं से क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावनाएं हैं।

मेडिकल डिवाइसेज पार्क से मजबूत होगी औद्योगिक पहचान

यीडा क्षेत्र में विकसित किया जा रहा मेडिकल डिवाइसेज पार्क चिकित्सा उपकरण निर्माण के क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके माध्यम से मेडिकल उपकरणों के उत्पादन, संबंधित उद्योगों की स्थापना और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

पढ़ें  YEIDA आवासीय भूखंड योजना का ड्रा संपन्न, 1.10 लाख आवेदकों में 973 भूखंडों का हुआ आवंटन

सीईओ ने किया मुख्य सचिव का स्वागत

निरीक्षण के दौरान यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुख्य सचिव का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर नंदकिशोर सुंदरियाल (एसएसओ), अभिमन्यु सिंह सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में यमुना प्राधिकरण की प्रदर्शनी के माध्यम से क्षेत्र की प्रमुख विकास परियोजनाओं, औद्योगिक बुनियादी ढांचे और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment