गुर्जर महोत्सव 2025 सांस्कृतिक क्रांति का बनेगा सूत्रधार, ग्रेटर नोएडा में ट्रस्ट ने किया भव्य ऐलान

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई स्थित बब्बल भाटी के आवास पर गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट की बैठक में आगामी गुर्जर महोत्सव 2025 के निमंत्रण अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। तीन दिवसीय यह महोत्सव 12, 13 और 14 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसकी थीम, कार्यक्रमों और सांस्कृतिक दिशा पर ट्रस्ट ने महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। कार्यक्रम में पहुंचने पर गुर्जर महोत्सव के प्रवक्ता प्रेम कृष्ण आर्य चेची, प्रचार समिति के अरुण भाटी और कमल नागर का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

दरअसल, बैठक के दौरान ट्रस्ट ने कहा कि इस वर्ष का महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि गुर्जर समाज की सांस्कृतिक क्रांति का आरंभ होगा। बब्बल भाटी ने अपने सहज, स्पष्ट और दृढ़ नेतृत्व से पूरे कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने कहा कि समाज की लोककला, विरासत, इतिहास, महापुरुषों का योगदान और पारंपरिक उत्सव विश्व स्तर पर पहचान के योग्य हैं और ट्रस्ट इन सबको एक मंच पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रेम कृष्ण आर्य चेची ने बताया कि गुर्जर आर्ट एंड कल्चर ट्रस्ट नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने, समाज में सकारात्मक ऊर्जा लाने और कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का महोत्सव पहले से अधिक विशाल और नवाचारपूर्ण होगा। विशेष रूप से आर्ट एंड क्राफ्ट मेला इस बार केंद्र बिंदु रहेगा, जहाँ गुर्जर समुदाय की कला और शिल्प की विविधता एक बड़े राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट ने पाँच नए बड़े आयोजनों का संकेत दिया, जिनका खुलासा महोत्सव स्थल पर ही किया जाएगा।

पढ़ें  कलाधाम हादसे के बाद एक्शन मोड में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, 100 से अधिक दुर्घटना संभावित स्थानों को किया सुरक्षित

बृजेश भाटी ने बताया कि महोत्सव के बाद भी ट्रस्ट की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का दायरा और बढ़ाया जाएगा। इस बार लोक कलाकारों, इतिहासकारों, शिल्पकारों को बड़ा मंच, पारंपरिक ‘गुर्जरी थाली’, नारी प्रतिभा सम्मान, क्रांति चक्र अवॉर्ड, सांस्कृतिक यात्राएँ, सेमिनार, वर्कशॉप, गुर्जर संवाद, भजन मंच और गुर्जरी फैशन शो जैसे प्रमुख कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

अंत में ट्रस्ट ने आमजन से आह्वान किया कि गुर्जर महोत्सव 2025 केवल देखने का नहीं, बल्कि अपनी विरासत को महसूस करने और जीने का अवसर है। यह समाज की पहचान, गौरव और संस्कृति का भव्य महासंगम बनेगा। कार्यक्रम में प्रेम कृष्ण आर्य, अरुण भाटी, कमल नागर, बब्बल भाटी, बृजेश भाटी, राजेंद्र नागर, भूपेंद्र भाटी, योगेंद्र विकल, सेंसर भाटी, इंदर प्रधान, अजय नागर, चैनपाल प्रधान, वीरेंद्र पोसवाल, कुलदीप, राहुल नागर, एडवोकेट संजू भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment