संचार नाउ। गौतमबुद्ध नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने सोमवार से जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलन के माध्यम से क्षेत्र से जुड़े पर्यावरण, किसानों, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
चौधरी प्रवीण भारतीय ने बताया कि यह आंदोलन जनहित से जुड़े उन गंभीर मुद्दों के समाधान के लिए शुरू किया गया है, जिन पर लंबे समय से संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिल्डरों द्वारा बड़े पैमाने पर भूजल दोहन, पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी, किसानों की समस्याएं, निजी स्कूलों एवं अस्पतालों की मनमानी, लीज डीड के अनुसार स्थानीय किसानों के बच्चों को शिक्षा और चिकित्सा में छूट, नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा योग्यता के आधार पर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर अथवा संबंधित प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
संगठन के सलाहकार डॉ. दीपक शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए और संवाद स्थापित किया गया, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। ऐसे में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करना आवश्यक हो गया। भूख हड़ताल को क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने समर्थन दिया और प्रशासन से जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
