केकेआर के 20 साल के बल्लेबाज का तूफानी शतक, रिंकू सिंह ने भी मचाई तबाही, प्लेइंग XI को लेकर बढ़ी टेंशन

Sanchar Now
3 Min Read

नई दिल्ली. ईडन गार्डन्स के मैदान पर आईपीएल 2026 की गूंज सुनाई देने लगी है. कोलकाता नाइट राइडर्स के प्री-सीजन इंट्रा-स्कॉड प्रैक्टिस मैच में एक 20 साल के युवा ने ऐसी पारी खेली, जिसने हेड कोच अभिषेक नायर और केकेआर मैनेजमेंट की नींद उड़ा दी है. शुक्रवार को खेले गए अभ्यास मैच में अंगकृष रघुवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया. ‘पर्पल नाइट्स’ की ओर से नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए अंगकृष ने मात्र 187.27 की स्ट्राइक रेट से एक शानदार शतक जड़ा. अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए, जिसकी बदौलत उनकी टीम ने 200 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया.

पहली पारी में सीनियर बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अपनी लय बरकरार रखते हुए 25 गेंदों में 45 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. उनके अलावा टिम सीफर्ट (30 रन) और दिल्ली के सार्थक रंजन (37 रन) ने भी प्रभावित किया. गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी सबसे सफल रहे, उन्होंने 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट झटके. लक्ष्य का पीछा करने उतरी ‘पर्पल नाइट्स’ की शुरुआत खराब रही. कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. फिन एलन ने 23 रनों का योगदान दिया, लेकिन असली खेल अंगकृष ने दिखाया. मध्यक्रम में मनीष पांडे और रमनदीप सिंह असफल रहे, लेकिन अंत में अनुकूल रॉय (28 रन) ने अंगकृष का अच्छा साथ निभाया.

गेंदबाजी और पिचों का मिजाज

ईडन गार्डन्स की पिच एक बार फिर बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग नजर आ रही है, जहां 200 का स्कोर भी सुरक्षित नहीं दिखा. केकेआर के लिए सबसे अच्छी खबर कार्तिक त्यागी का प्रदर्शन है. हर्षित राणा की घुटने की गंभीर चोट के बाद त्यागी उनकी जगह भरने के लिए सबसे मजबूत दावेदार दिख रहे हैं.वहीं, उमरान मलिक ने भी 3.2 ओवर गेंदबाजी की, जो फ्रैंचाइज़ी के लिए राहत की बात है.

पढ़ें  अयोध्या में सुगम और विशिष्ट पास धारकों के लिए सप्त मंडपम के दर्शन का इंतजार बढ़ा, ये कारण

अभिषेक नायर के लिए ‘मीठा दर्द’

अंगकृष रघुवंशी का शतक केकेआर के लिए एक पेचीदा स्थिति पैदा कर रहा है. पिछले सीजन की तरह टीम उन्हें नंबर 3 पर खिलाना तो चाहती है, लेकिन प्लेइंग इलेवन का समीकरण इसमें आड़े आ रहा है. अजिंक्य रहाणे कप्तान हैं, इसलिए उनका टॉप-ऑर्डर में खेलना तय है, भले ही टी20 के लिहाज से उनकी फॉर्म चिंता का विषय हो. यदि केकेआर फिन एलन, टिम सीफर्ट और कैमरून ग्रीन (जो अभी टीम से नहीं जुड़े हैं) तीनों को खिलाती है, तो टॉप-4 स्लॉट भर जाएंगे. ऐसी स्थिति में शानदार फॉर्म में चल रहे अंगकृष को पिछले साल की तरह मिडिल ऑर्डर में नीचे बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है, जो उनके स्वाभाविक खेल के साथ न्याय नहीं होगा.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment