श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती मंगलवार को एक प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उल्टा पकड़ने के आरोप को लेकर विवादों में घिर गई हैं। इस घटना के बाद इंटरनेट मीडिया और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, जबकि विपक्षी दलों ने इसे राष्ट्रीय भावनाओं के प्रति अनादर का प्रतीक बताया।
क्या है मामला?
अनुच्छेद 370 हटाए जाने की वर्षगांठ से पूर्व मंगलवार की संध्या पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में महबूबा मुफ्ती ने राष्ट्रध्वज पकडा था। उन्होंने इसे उल्टा पकड़ा हुआ था। केसरियां रंग ऊपर हाेना चाहिए जबकि उन्हें हरे रंग का भाग ऊपर किया हुआ था। उन्होंने तिरंगा उल्टा पकड़ा हुआ था और इंटरनेट मीडिया पर महबूबा मुफ़्ती कथित रूप से तिरंगा उल्टा पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
घटना के बाद कई राजनीतिक नेताओं और टिप्पणीकारों ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी आलोचना की। विपक्षी नेताओं ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के खिलाफ बताते हुए महबूबा मुफ़्ती पर निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि महबूबा मुफ्ती ने राष्ट्रध्वज की अवमानना की है। उन्होंने यह गलती से नहीं जानबूझकर किया है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
इंटरनेट मीडिया पर नाराज़गी
इंटरनेट मीडिया पर भी इस घटना को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई उपयोगकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने वायरल वीडियो साझा करते हुए इस कृत्य पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने इसे जानबूझकर किया गया कदम बताया, जबकि अन्य ने इसे लापरवाही का परिणाम माना।
आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
समाचार लिखे जाने तक महबूबा मुफ़्ती या पीडीपी की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है
