ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के दुजाना गांव को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मॉडल सोलर विलेज बनाया जाएगा। वहां घरों और सार्वजनिक जगहों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम और सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
ग्राम दुजाना को जिले में एक मॉडल सोलर विलेज के रूप में तैयार किया जाएगा, जहां गांव की बिजली की मांग सौर ऊर्जा से पूरी की जाएगी। मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय समिति की बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत गांव को मॉडल सोलर विलेज बनाने की योजना, कार्ययोजना और विभिन्न सौर परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
परियोजना की रिपोर्ट पेश की गई
परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट पेश की गई। गांव में सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग, स्वच्छ और हरित ऊर्जा के प्रसार तथा ग्रामीण इलाकों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित पहलों की जानकारी दी गई। डीएम मेधा रूपम ने परियोजना को प्रभावी और समय पर लागू करने के लिए विभागों को समन्वित रूप से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक कदम जल्द पूरे करने का निर्देश भी दिया।
परियोजना अधिकारी ने क्या कहा?
यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि मॉडल सोलर विलेज के तहत घरेलू और सार्वजनिक इमारतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाए जाएंगे और गांव की सड़कों व सार्वजनिक स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइट्स लगेंगी। साथ ही ग्रामीण आजीविका और कृषि से जुड़ी गतिविधियों को भी सौर ऊर्जा से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया है।
इस योजना के तहत सोलर मिल्क चिलर, सोलर आटा चक्की और सोलर कोल्ड-प्रेस यूनिट जैसी सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। जरूरत के अनुसार, कृषि और ग्रामीण आजीविका से जुड़े अन्य सौर ऊर्जा आधारित उपकरण भी लगाए जाएंगे। गांव में बिजली की बचत होगी, पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता घटेगी, स्थानीय रोजगार व आय के अवसर बढ़ेंगे और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। दुजाना को अन्य गांवों के लिए उदाहरण के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
