कर्मचारियों के प्रदर्शन से थमा नोएडा शहर, इन रास्तों से गुजरे तो फंसे रहेंगे घंटों; क्या हैं वैकल्पिक मार्ग?

Sanchar Now
4 Min Read

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर निजी कंपनी के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन आज उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में सड़कों को जाम कर दिया, सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया और आगजनी की, जिससे पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल है।

सुबह से ही शुरू हुए इस विरोध प्रदर्शन ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया। सेक्टर 62 से सेक्टर 52 की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रमुख मार्ग हुए बाधित, यातायात व्यवस्था ठप

नोएडा एलीवेटेड रोड से उतरने वाले रैंप पर भी यातायात की रफ्तार थम गई है। छिजारसी के पास भी जाम की स्थिति बनी हुई है। सेक्टर 52 में सड़क पर श्रमिक बैठे हुए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। सेक्टर 61 के रास्ते भी जाम से पैक हो गए हैं।

एनएसईजेड (NSEZ) के सामने भी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। श्रमिकों ने यहां आगजनी की घटनाओं को भी अंजाम दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। दिल्ली-आगरा हाईवे पर पलवल के पृथला में भी निजी कंपनी के कर्मचारियों ने जाम लगाया है।

ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस की तैनाती

चिल्ला बॉर्डर के पास नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस-वे का रास्ता भी जाम है। प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर 59-62 मार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया है। नोएडा सेक्टर 62 की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए, चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले यातायात को लगातार डीएनडी (DND) टोल की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।

पढ़ें  UP: अच्छे निवेश का झांसा देकर करते थे लोगों से ठगी, चीनी नागरिक सहित 5 गिरफ्तार

नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले कई रास्तों को बंद कर दिया गया है। श्रमिकों ने सेक्टर 64 स्थित एक कंपनी की ओर कूच किया, जिसके बाद पुलिस बल को मॉडल टाउन गोलचक्कर पर तैनात किया गया है।

व्यापक जाम और यातायात मार्ग परिवर्तन

एनएच 9 पर बड़ी संख्या में श्रमिक जुट गए हैं, जिसके कारण पूरा रूट बाधित हो गया है। ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए सर्विस लेन के ट्रैफिक को प्रमुख लेन में डायवर्ट किया जा रहा है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम की तरफ से आने वाले अंडरपास को भी बंद कर दिया गया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया है, “निजी फैक्ट्रियों के कर्मचारियों द्वारा चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली) से आने वाली नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर ट्रैफिक की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है।

जनता को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं और नोएडा जाने के लिए DND का इस्तेमाल करें। जो लोग नोएडा जाना चाहते हैं, वे सराय काले खां से DND का इस्तेमाल कर सकते हैं, या फिर NH 24 – कोंडली ब्रिज का इस्तेमाल करके नोएडा मोड़ के रास्ते नोएडा में प्रवेश कर सकते हैं।”

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment