फील्ड में उतरें अफसर, खुद करें निगरानी, बारिश को लेकर सीएम योगी ने सभी डीएम को दिए निर्देश

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ। प्रदेश में खराब मौसम व लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए प्रदेश सरकार ने मौसम पूर्वानुमान व चेतावनी के हवाले से रेड और ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क किया है। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि डीएम फील्ड में रहते हुए परिस्थितियों का जायजा लें और आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें। संचार माध्यमों व उपलब्ध संसाधनों से मौसम संबंधी चेतावनियां लोगों तक पहुंचाते रहें। मौसम बहुत अधिक खराब हो जाने पर डीएम स्कूल-कालेज व गैर आवश्यक सेवाओं को बंद रखने का निर्णय ले सकते हैं।

शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों के साथ बैठक में राहत आयुक्त डा.हृषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि 27 सितंबर तक मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। इस संबंध मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। आमजन से अपील की है कि प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

सुरक्षा व राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखने का निर्देश दिया। आंधी व वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले स्थान, पेड़ के नीचे, बाग अथवा पार्क में न रहे। लेखपालों व ग्राम विकास अधिकारियों के माध्यम से कच्चे मकानों के आसपास जलभराव होने पर जल निकासी की व्यवस्था तत्काल करने के लिए कहा है। आपदा की स्थिति में आमजन कंट्रोल रूम के टोल फ्री नंबर 1070 पर दे सकते हैं।

आयुक्त ने रेड अलर्ट वाले जिले लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत तथा शाहजहांपुर के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पढ़ें  पश्चिमी यूपी की 140 सीटों पर सपा की नजर, अखिलेश यादव की दादरी रैली के मायने क्या?

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संतकबीर नगर, महराजगंज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, हरदोई, लखनऊ, बाराबंकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल व बदायूं के जिलाधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।

अचानक बाढ़ की संभावना वाले जिले आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट के जिलाधिकारियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

प्रभावितों तक 24 घंटे में पहुंचाएं सहायता

लगातार हो रही रही वर्षा का संज्ञान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया है। ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा कि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सतर्कता बरतने और आकाशीय बिजली व अतिवृष्टि से हुई क्षति का आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के अंदर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की है कि बिजली व अतिवृष्टि के दौरान घर से न निकलें। नदियों व जलाशयों में स्नान करने से बचें।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment