बिसरख में सियासी टकराव: अजय राय को रोका, दीपक भाटी के आवास पर पुलिस तैनाती से बढ़ा विवाद

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। गौतमबुद्धनगर में कांग्रेस नेताओं की प्रस्तावित मुलाकात को लेकर प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला से मिलने से पुलिस ने रोक दिया, जिससे राजनीतिक माहौल गरमा गया।

दरअसल, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अजय राय बिसरख स्थित दीपक भाटी के आवास पर उनके स्वास्थ्य का हाल जानने पहुंचने वाले थे। लेकिन कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें नोएडा में ही रोकते हुए नजरबंद कर दिया। वहीं बिसरख में दीपक भाटी के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

दीपक भाटी चोटीवाला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके आवास में प्रवेश कर उन्हें जबरन एंबुलेंस में ले जाने और हिरासत में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि यह एक सामान्य शिष्टाचार मुलाकात थी और इससे कानून व्यवस्था को कोई खतरा नहीं था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य ओमवीर यादव ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि काफी प्रयासों के बावजूद मुलाकात नहीं होने दी गई। वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गौतम अवाना ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता सामाजिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों के तहत कार्य कर रहे हैं।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं और क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है।

पढ़ें  मासूम बच्चे का अपहरण कर 30 लाख की फिरौती मांगने वाले 25000 के इनामी बदमाश को पुलिस ने भेजा जेल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment