संचार नाउ। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एक मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक यात्री ने एयरपोर्ट परिसर में स्थित मिठाई की दुकान से खरीदे गए लड्डू के पैकेट में फफूंद मिलने का दावा करते हुए इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। पोस्ट वायरल होने के बाद एयरपोर्ट परिसर में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, यात्री स्वप्निल गांधी के अनुसार उन्होंने एयरपोर्ट स्थित दुकान से घी, ड्राई फ्रूट और बूंदी के लड्डू का पैकेट खरीदा था। घर पहुंचकर पैकेट खोलने पर उसमें तेज दुर्गंध आ रही थी और कई लड्डुओं पर फफूंद लगी हुई थी। उनका कहना है कि पैकेट में रखे अधिकांश लड्डू खाने योग्य नहीं थे, जबकि पैकेट पर अंकित पैकिंग और उपयोग अवधि के अनुसार उत्पाद की वैधता अभी समाप्त नहीं हुई थी। पैकेट की कीमत 799 रुपये बताई गई है।
यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एयरपोर्ट प्रबंधन को टैग करते हुए मामले की जांच, संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई और भुगतान की गई राशि वापस करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने खराब मिठाई की तस्वीरें भी साझा कीं।
मामले के सामने आने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए यात्री से संपर्क विवरण मांगा है। प्रबंधन ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने एयरपोर्ट परिसर में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, नियमित निरीक्षण और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट पर यात्रियों को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
