संचार नाउ। श्रावण मास के पावन अवसर पर क्यूब रूट्स फाउंडेशन एवं गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्सप्रेसवे प्रा. लि. की ओर से बुलंदशहर बायपास पर कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विशेष सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में कांवड़ियों के लिए शीतल पेयजल, जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बन सके।
इस दौरान एसपीबी प्रोजेक्ट हेड अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा है। इसी सेवा भावना के साथ फाउंडेशन और एक्सप्रेसवे की टीम पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कांवड़ यात्रियों की सहायता में जुटी हुई है। शिविर में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षित यात्रा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
इस सेवा अभियान में एसपीबी प्रोजेक्ट हेड अनिरुद्ध सिंह, सीनियर प्लाजा मैनेजर अनिल कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विनीत सिंह और लायजन मैनेजर रजनीकांत द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए कांवड़ यात्रियों की सेवा की। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
