ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों में हुई भारी बारिश के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं. ग्रेटर नोएडा के तिलपता गोल चक्कर के पास सड़क किनारे चल रहे एक निर्माण कार्य के कारण एक हादसा हो गया. रविवार को एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर एक निर्माणाधीन नाले में जा गिरी. हालांकि, गनीमत ये रही कि इस हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया.
बताया गया कि कार तिलपता गोल चक्कर से दादरी की तरफ जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक बाइक सवार सामने आ गया. बाइक को बचाने के लिए कार चालक ने वाहन को दूसरी तरफ मोड़ दिया. इसी दौरान कार सड़क किनारे बने निर्माणाधीन नाले की ओर चली गई और उसमें जा गिरी. कार के नाले में गिरते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को बाहर निकाला. हादसे के बाद कार नाले में फंस गई.
सूचना मिलने पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया. हादसे में कार को नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे नाले का निर्माण चल रहा है, ऐसे में वाहन चालकों के लिए सावधानी बरतना जरूरी है. निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर इस तरह के हादसे की आशंका बनी रहती है.
पुलिस ने बताया कि सड़क किनारे नाले का निर्माण कार्य चल रहा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर नाले में गिरी. चालक को कोई चोट नहीं आई है. मामले में चालक की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है.
