संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय किशोर अवलोकन गृह (बालक) में शारदा विश्वविद्यालय के शारदा स्कूल ऑफ लॉ के प्रो बोनो क्लब (लीगल एड सोसाइटी) की जुवेनाइल विंग तथा शारदा हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में “डर्मेटोलॉजी केयर कैंप एवं हाइजीन किट-मेडिसिन वितरण अभियान” का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य किशोरों में त्वचा संबंधी बीमारियों, व्यक्तिगत स्वच्छता और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक किशोरों की त्वचा संबंधी जांच की। जांच में एलर्जी, फंगल इंफेक्शन, खुजली, दाद, त्वचा संक्रमण, पोषण की कमी तथा स्वच्छता से जुड़ी सामान्य समस्याओं की पहचान की गई। चिकित्सकों ने प्रत्येक किशोर को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं और त्वचा की देखभाल, संतुलित आहार, नियमित स्नान, साफ कपड़े पहनने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर किशोरों को हाइजीन किट भी वितरित की गईं, ताकि वे स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर ने कहा कि ऐसे अभियान किशोरों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शारदा स्कूल ऑफ लॉ के डीन प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे ने इसे विद्यार्थियों में सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने वाला प्रयास बताया। शारदा हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राम मूर्ति शर्मा ने कहा कि यह अभियान उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षा और आत्म-देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और अस्पताल के कई डॉक्टर, शिक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
