UP के सुल्तानपुर में आंधी-तूफान का कहर… 2 मासूम समेत 7 की मौत, 21 घायल

Sanchar Now
3 Min Read

सुलतानपुर : जिले में बुधवार को आई आंधी पानी ने तबाही मचा दी. बल्दीराय, सादर व कादीपुर थाना क्षेत्रों में पेड़, कच्ची दीवार, छप्पर और बिजली का खंभा गिरने से एक मासूम समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए. गंभीर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ आदित्य जायसवाल के मुताबिक, कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे शिव वंश गांव में दर्दनाक घटना हुई. गांव निवासी महेंद्र तिवारी (22) की बिजली का खंभा गिरने से मौत हो गई. महेंद्र अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए करीब 10 दिन पहले ही घर लौटे थे. बुधवार शाम बहन का तिलक लेकर जाना था. घर में तैयारियां चल रही थीं.

बल्दीराय थाना क्षेत्र में कस्बा माफियात निवासी सुरेश कुमार सोनकर की पुत्री महिमा (8) की मौत छप्पर पर ईंट गिरने से हो गई. वह कक्षा तीन की छात्रा थी. अचानक छप्पर ढहने से वह उसके नीचे दब गई. परिजन जब तक उसे निकालते तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मासूम की मौत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में रामबरन (58) पुत्र शिवदास के मकान पर तेज आंधी के दौरान पेड़ गिर गया. मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हलियापुर थाना क्षेत्र के पूरे निधई तिवारी मजरे डोभियारा की रहने वाली रीता (35) कच्ची दीवार और छप्पर गिरने से दब गई. उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव में सुरेमन (18) पुत्र विजय बहादुर की आंधी के दौरान हुई. इस हादसे में विकास (16) और किशन (11) गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अंबेडकरनगर भेजा गया है.

पढ़ें  अब सिर्फ 50 मिनट में पूरा होगा सफर! लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का आज रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे लोकार्पण

बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज दाऊदपुर में घर के पास जामुन का पेड़ गिरने से सुषमा गुप्ता (40) पत्नी अरविंद गुप्ता की मौत हो गई. परिजन उन्हें बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. तेज आंधी से कई गांवों में पेड़ उखड़ गए. बल्दीराय तहसील के हलियापुर में पेड़ गिरने से तीन कारें दब गईं. आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ ने बताया कि आंधी तूफान से जिले में सात लोगों की मौत हो गई.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment