मऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर एवं राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर के नेतृत्व में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश की 32 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रभारी एवं चुनाव सह-प्रभारियों की घोषणा की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि नियुक्त सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
अरविंद राजभर ने क्या कहा?
राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा संगठनात्मक मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। सभी नियुक्त पदाधिकारियों को विधानसभा स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। घोषित विधानसभा क्षेत्रों में गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, हरदोई, बाराबंकी, सीतापुर एवं मुरादाबाद जनपदों की सीटें शामिल हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी नियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारी तत्काल प्रभाव से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे और आगामी चुनाव में पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। सुभासपा ने विश्वास व्यक्त किया कि सामाजिक, पिछड़ी, अति पिछड़ी, दलित एवं वंचित जातियों के सम्मान, अधिकार और भागीदारी के संकल्प के साथ पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।
