संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा की दादरी तहसील क्षेत्र के नगला नैनसुख गांव में वर्षों पुराने सार्वजनिक रास्ते को बंद किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंगों ने करीब 20 से 25 वर्ष पुराने सार्वजनिक मार्ग को जेसीबी से उखाड़कर बंद कर दिया, जिससे पूरे गांव के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की शिकायत ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दादरी से करते हुए रास्ता तत्काल खुलवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल, गांव निवासी डॉ. सतीश भाटी ने बताया कि जिस रास्ते पर जिला पंचायत द्वारा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई गई थीं, उसे कुछ लोगों ने उखाड़कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि यह गांव का सार्वजनिक मार्ग था और पिछले दो से ढाई दशक से ग्रामीण इसी रास्ते का उपयोग करते आ रहे थे। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
जिला पंचायत की इंटरलॉकिंग उखाड़कर रास्ता बंद करने का आरोप, ग्रामीण बोले— आवागमन ठप, जल्द कार्रवाई की मांग
वहीं, गांव निवासी सिंहराज भारती ने बताया कि दो वर्ष पहले भी गांव का एक रास्ता बंद कर दिया गया था और अब मुख्य सार्वजनिक मार्ग पर भी कब्जा कर उसे अवरुद्ध कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण न्याय की उम्मीद लेकर एसडीएम दादरी के पास पहुंचे हैं और प्रशासन से रास्ता खुलवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रास्ता नहीं खुलवाया गया तो गांव के लोगों की समस्याएं और बढ़ जाएंगी। फिलहाल प्रशासन को शिकायत सौंप दी गई है और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
