यूपी में महिला दिवस पर मिलेगी बड़ी सौगात, इन पांच हजार महिलाओं को मिलेगा रोजगार

Sanchar Now
3 Min Read

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च को लखनऊ में “पिंक रोजगार महाकुंभ-2026” का आयोजन किया जा रहा है।

यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लखनऊ द्वारा आयोजित किया जाएगा। यह रोजगार महाकुंभ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इसके माध्यम से 05 हजार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योगी सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की शिक्षित युवतियों और महिलाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

महिलाओं के लिए विशेष रोजगार के अवसर

पिंक रोजगार महाकुंभ में केवल महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसमें 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं भाग ले सकेंगी। योग्यता के रूप में 10वीं, 12वीं, स्नातक, परास्नातक, बी.टेक, बीबीए, एमबीए, फार्मेसी सहित अन्य तकनीकी और सामान्य डिग्रीधारी महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इस आयोजन का उद्देश्य विभिन्न शैक्षिक पृष्ठभूमि वाली महिलाओं को रोजगार के व्यापक विकल्प प्रदान करना है।

50 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

रोजगार महाकुंभ में देश की कई प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी। इनमें फ्लिपकार्ट, रिलायंस जियो, आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा फाइनेंस, अमेजन और केएफसी जैसी कंपनियां विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया संचालित करेंगी। 50 से अधिक कंपनियां इस रोजगार मेले में शामिल होकर सेल्स, कस्टमर सर्विस, आईटी सपोर्ट, बैंकिंग, रिटेल, लॉजिस्टिक्स और सर्विस सेक्टर से जुड़े पदों पर भर्ती करेंगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस पिंक रोजगार मेले के माध्यम से 05 हजार महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित है।

पढ़ें  विदेश भाग सकते हैं अविमुक्तेश्वरानंद, आशुतोष ब्रह्मचारी ने की पासपोर्ट-वीजा जब्त करने की मांग

ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा

रोजगार महाकुंभ में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को पहले से ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल और नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के समय अपने साथ बायोडाटा की प्रतियां, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक प्रमाणपत्र और रजिस्ट्रेशन स्लिप लानी होगी।

योगी सरकार का महिला रोजगार पर विशेष फोकस

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि योगी सरकार पिछले कुछ वर्षों में मिशन रोजगार, कौशल विकास कार्यक्रमों और सेवायोजन मेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में पिंक रोजगार महाकुंभ महिलाओं को सीधे कंपनियों से जोड़ने का एक बड़ा मंच साबित हो सकता है। ऐसे आयोजनों से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि प्रदेश में महिला कार्यबल की भागीदारी भी मजबूत होगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment