एमएलसी के भतीजे सहित तीन की मौत, बुलंदशहर हाईवे पर भीषण कार हादसा

Sanchar Now
2 Min Read

मेरठ : जिले के गुलावठी इलाके में बुलंदशहर हाईवे पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराने के बाद फिर दूसरी तरफ ट्रक से जा भिड़ी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक डॉक्टर, एमएलसी अश्वनी त्यागी का भतीजा और पीएसओ शामिल है.

पुलिस के मुताबिक, छपरावत रेलवे स्टेशन के नजदीक ये हादसा हुआ. तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से कराई और उसके बाद दूसरी तरफ एक ट्रक से जा भिड़ी. जबरदस्त टक्कर में कार के परखचे उड़ गए. उधर से गुजर रहे लोगों ने हादसे के बाद पुलिस को सूचना दी.आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कार सवार तीनों लोगों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. बाद में मृतकों की पहचान बीजेपी एमएलसी के भतीजे, डॉक्टर और पीएसओ के रूप में की गई.

इस बारे में गुलावठी थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस और एनएचएआई की टीम के साथ राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

मृतकों में मेरठ के कंकरखेड़ा के डिफेंस एन्कलेव निवासी अंकित त्यागी (37) पुत्र संजय त्यागी, पीएसओ महेश कुमार निवासी कोतवाली देहात, जसनावली खुर्द गांव, बुलंदशहर और मेरठ के रोहटा क्षेत्र के डालमपुर निवासी डॉक्टर आशुतोष (38) शामिल हैं. आशुतोष संजय त्यागी के सरधना स्थित हास्पिटल में डॉक्टर थे. संजय के पिता सतेन्द्र त्यागी भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं, जबकि चाचा अश्वनी त्यागी बीजेपी से ही एमएलसी हैं.

इस घटना के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे. एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर रास्ता क्लियर कराया गया. प्रथम दृष्टया पाया गया है कि तेज रफ्तार के कारण ही कार अनियंत्रित हुई है. तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. देर रात मृतकों के परिजन व एमएलसी अश्वनी त्यागी भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment