संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित किसान चौक (गौड़ चौक) पर निर्माणाधीन अंडरपास के चलते आज रात से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से अंडरपास के ऊपरी हिस्से में निर्माण कार्य किया जाना है, जिसके कारण चारमूर्ति चौक के पास 130 मीटर रोड पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से इस मार्ग पर सावधानीपूर्वक और धीमी गति से चलने की अपील की गई है।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि अंडरपास के ऊपरी हिस्से में दोनों तरफ करीब 25-25 मीटर लंबाई में पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट (PQC) का निर्माण प्रस्तावित है। इस कार्य के दौरान सड़क के प्रभावित हिस्से में वाहनों की आवाजाही बाधित होने की संभावना है। निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है और करीब दो सप्ताह में काम पूरा होने की उम्मीद है।
निर्माण अवधि में संभावित जाम और यातायात संबंधी परेशानी को देखते हुए प्राधिकरण ने ट्रैफिक पुलिस से कार्यस्थल पर आवश्यक व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के साथ वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो।
प्राधिकरण ने जरूरत के अनुसार वैकल्पिक यातायात व्यवस्था और डायवर्जन लागू करने पर भी जोर दिया है। वाहन चालकों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने की बात कही गई है।
प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि निर्माण अवधि के दौरान किसान चौक और 130 मीटर रोड के इस हिस्से पर अनावश्यक रूप से रुकने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। खासकर पीक आवर्स में वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके। निर्माण पूरा होने के बाद इस हिस्से में सड़क की गुणवत्ता और यातायात संचालन में सुधार होने की उम्मीद है।
