संचार नाउ। नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बंद पड़ी साइट पर दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक निजी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट की गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, एग्जाम खत्म होने के बाद हर्षित अपने तीन दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने साइट पर पहुंचा था। इस दौरान सभी छात्र गड्ढे में भरे पानी में नहाने लगे, तभी हर्षित दलदल में फंस गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके और शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से छात्र को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह साइट उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अधीन थी और वर्तमान में मामला कोर्ट में होने के कारण काम बंद पड़ा है। गंभीर बात यह है कि साइट पर न तो कोई बेरिकेडिंग थी और न ही सुरक्षा से जुड़े कोई बोर्ड लगाए गए थे।
इस घटना ने एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हाल ही में सेक्टर-150 में भी इसी तरह के हादसे में एक इंजीनियर की जान जा चुकी है, जिसके बाद सुरक्षा के बड़े दावे किए गए थे।
