देहरादून। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून की ओर से बुधवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में आम, चीकू और लीची सहित विभिन्न फलदार पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने लोगों से पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मां का रिश्ता अटूट है और यह अभियान जननी तथा पर्यावरण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ देशव्यापी अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम और सम्मान के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने तथा पेड़ों और धरती के संरक्षण की शपथ लेने के लिए प्रेरित करना है। इसके साथ ही भूक्षरण को रोकने और क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन को भी बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संस्थान, कार्यस्थल तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
