आईएएस अभिषेक सिंह का इस्तीफा यूपी सरकार ने केंद्र को भेजा, जानें इसके पीछे की पूरी कहानी

Sanchar Now
2 Min Read

योगी सरकार ने आईएएस अफ़सर अभिषेक सिंह का इस्तीफ़ा मंज़ूर करने के साथ केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेज दिया है। कई फिल्मों में काम कर चुके अभिषेक सिंह वर्ष 2011 बैच के आईएएस हैं और काफ़ी समय से गायब रहने के कारण फरवरी 2023 से निलंबित चल रहे हैं। पिछले महीने उन्होंने प्रदेश के नियुक्ति विभाग को अपना इस्तीफा भेजा था। इस्‍तीफे के बाद अभि‍षेक सिंह के फिल्‍मों की दुनिया में पूरी तरह सक्रिय होने या फिर सियासत में जाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लग रही हैं।

बता दें हाल ही में अभिषेक सिंह का थर्ड पार्टी नाम का एक गाना रिलीज हुआ है। इसमें सनी लियोन भी उनके साथ दिख रही हैं। अभिषेक सिंह ने पिछले हफ्ते सनी लियोन के साथ वाराणसी में बाबा विश्‍वनाथ के दर्शन के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस की थी। अभिषेक सिंह की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बांदा की डीएम हैं।

अभिषेक सिंह के जौनपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं चल रही हैं। अभिषेक वर्ष 2015 में प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली चले गए। पांच साल बाद वापसी पर उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए प्रेक्षक बनाकर भेजा गया। वहां कार के आगे सेलिब्रिटी के अंदाज वाला उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो निर्वाचन आयोग ने 18 नवंबर 2022 को उन्हें प्रेक्षक ड्यूटी से हटा दिया।

इसके बाद अभिषेक सिंह ने नियमानुसार यूपी के नियुक्ति विभाग में कार्यभार नही सम्भाला। राज्य सरकार ने उनके इस कृत्य को अखिल भारतीय सेवाएं (आचरण) नियमावली-1968 के नियम-3 का उल्लंघन माना और उन्हें निलंबित करते हुए राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया।

पढ़ें  CM योगी 26 मार्च को करेंगे गोरखपुर सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क का लोकार्पण, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

अभिषेक सिंह ने सितंबर 2023 में निजी कारणों से आगे काम करने में असमर्थता जताते हुए अपना इस्तीफा भेजा। शासन के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, उन्हें निलंबित ही बिना बताए गैरहाजिर रहने के कारण किया गया था। अपना इस्तीफा भी उन्होंने इसी वजह से दिया है। इसलिए राज्य सरकार ने उनके इस्तीफे को स्वीकार करने करते हुए केंद्र को भेज दिया है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment