ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट बनी ‘कालकोठरी’, 20 मिनट तक फंसी रही महिला; अंधेरे और घुटन से बिगड़ी हालत

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राइड सोसाइटी में लिफ्ट खराब होने की एक और घटना सामने आई है. इस घटना में एक महिला लगभग 20 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसी रही, जिससे गर्मी और दम घुटने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई. एक रिपोर्ट के अनुसार, टावर B-10/14 की रहने वाली शीला अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या के तहत लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही थीं. अचानक, लिफ्ट 10वीं और 6वीं मंजिल के बीच में ही रुक गई, जिससे महिला अंदर फंस गई.

क्या है पूरा मामला?

काफी देर लगभग 20 मिनट तक मदद का इंतजार करने के बाद आखिरकार महिला को बचा लिया गया और बाहर निकाला गया. लिफ्ट से बाहर निकलते ही वह बेहोश हो गईं.सोसाइटी के निवासियों ने उन्हें पानी पिलाया, जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सोसाइटी की AOA अध्यक्ष ने दी जानकारी

सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) की अध्यक्ष सीमा भंडारी ने बताया कि लिफ्ट में लंबे समय तक फंसे रहने के कारण महिला को दम घुटने और अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई. बाहर निकाले जाने के बाद उन्हें तुरंत राहत मिली. इस घटना ने एक बार फिर सोसाइटी के भीतर सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

लिफ्ट खराब होने की समस्या आम?

अध्यक्ष ने यह भी बताया कि लिफ्ट खराब होने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले, रामनवमी के दिन, 12 लोग जिनमें 10 बच्चे भी शामिल थे. लगभग 45 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे थे. उस मौके पर भी लोगों को काफी मशक्कत के बाद ही बचाया जा सका था. सीमा भंडारी के अनुसार, अथॉरिटी, पुलिस और प्रशासन से लगातार शिकायतें की गई हैं. लेकिन, बिल्डर पर इनका कोई खास असर नहीं पड़ा है.लिफ्ट खराब होने की इन बार-बार होने वाली घटनाओं के कारण निवासियों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. निवासियों का आरोप है कि रखरखाव को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना के होने का खतरा हमेशा बना रहता है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment