नोएडा और बुलंदशहर के किसानों की बल्ले-बल्ले, यमुना प्राधिकरण ने बढ़ाई जमीन की मुआवजा दर

Sanchar Now
4 Min Read

उत्तर प्रदेश में जेवर और बुलंदशहर के किसानों के लिए अच्छी खबर है। यमुना विकास प्राधिकरण ने नोएडा एयरपोर्ट के पास यमुना सिटी में फेज-1 के तहत भूमि खरीद के लिए मुआवजा दर में छह प्रतिशत तक का इजाफा किया है। यहां के किसान सरकार से मुआवजा दर बढ़ाने के लिए लंबे समय से मांग कर रहे थे।

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की सोमवार को आयोजित 92वीं बोर्ड बैठक में यह प्रस्ताव मंजूर हो गया है। अब किसानों से 4300 रुपये के बजाय 4558 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से भूमि खरीदी जाएगी। वहीं, दूसरा विकल्प यह होगा कि किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड के साथ 4037 की दर से मुआवजा मिलेगा।

डेढ़ साल में दूसरी बार बढ़ी मुआवजा दर

किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते कई कंपनियों को यहां निर्माण शुरू करने में दिक्कत आ रही थी, हालांकि अब शहर के विकास को तेजी से पूरा करने के लिए प्राधिकरण ने मुआवजा दर में लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। अभी तक किसानों से प्राधिकरण 4300 रुपये की दर से भूमि खरीद रहा था। डेढ़ साल के अंदर मुआवजा दर में दूसरी बार वृद्धि की गई है।

बता दें कि, मास्टर प्लान- 2041 के तहत जेवर और बुलंदशहर का करीब 75000 हेक्टेयर क्षेत्र अधिसूचित है। इसमें 38000 हेक्टेयर में शहरीकरण होना है, जिसमें से प्राधिकरण ने 15820 हेक्टेयर भूमि खरीद ली है।

एयरपोर्ट के लिए भूमि देने वालों को लाभ नहीं मिलेगा

एयरपोर्ट के लिए तीसरे व चौथे चरण के लिए 14 गांवों के किसानों की करीब 2054 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण चल रहा है। नई बढ़ी दरों का लाभ इन किसानों को नहीं मिलेगा। इन किसानों से 4300 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से ही भूमि अधिग्रहीत की जाएगी। हालांकि, यमुना सिटी की अन्य परियोजनाओं के लिए भूमि खरीद पर ही किसानों को बढ़ी दर के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा।

पढ़ें  80 घंटे से अंधेरे में डूबा हल्दौनी, 3 महीने की बच्ची की बिगड़ी हालत; NPCL की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा

यीडा की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसलों पर लगी मुहर

● जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के आसपास औद्योगिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

● सेक्टर-13 और 14 में करीब 500 एकड़ भूमि पर मेडिकल हब तथा सेक्टर-14 में 480 एकड़ में विश्वविद्यालय नगरी विकसित करने का निर्णय लिया गया। इन परियोजनाओं से चिकित्सा और उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

● खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सेक्टर-23डी में करीब 50 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित की गई।

● किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सेक्टर-34 में करीब 36 एकड़ में मंडी स्थापित करने का फैसला लिया गया।

● हवाईअड्डे के आसपास बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए सेक्टर-23सी में अंतरराज्यीय बस अड्डे के लिए भूमि चिह्नित की जाएगी। इससे हवाईअड्डे, औद्योगिक क्षेत्रों और नए विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

● सेक्टर-छह में 300 एकड़ में ‘ताइवान सिटी’ विकसित करने तथा करीब 100-125 एकड़ में मेडिकल हब के लिए भूमि आरक्षित करने को भी मंजूरी।

● मेडिकल उपकरणों की जांच के लिए मेडिकल डिवाइस पार्क में विशेष सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment