यमुना प्राधिकरण की आय में चार गुना उछाल, 7071 करोड़ की कमाई; उद्योगों के लिए जमीन खरीद और किसानों को बड़ी राहत के प्रस्ताव मंजूर

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक 26 नवंबर 2026 को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न विकास योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, औद्योगिक निवेश और किसानों से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बोर्ड ने इन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण निर्णयों को मंजूरी प्रदान की।

दरअसल, बैठक में प्राधिकरण की आर्थिक स्थिति में बड़ी बढ़ोतरी का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर 2026 तक यीडा की कुल आय 7071.48 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में इसी अवधि तक यह आय 1746.38 करोड़ रुपये थी। इस तरह प्राधिकरण की आय में करीब चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

जमीन अधिग्रहण पर 4985 करोड़ रुपये खर्च

बोर्ड बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित 8000 करोड़ रुपये के बजट में से 4985.47 करोड़ रुपये जमीन खरीद और अधिग्रहण पर खर्च किए जा चुके हैं। यह कुल बजट का 62.32 प्रतिशत है। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसके अलावा निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जबकि विशेष परियोजनाओं के लिए एनएचएआई को 555.38 करोड़ रुपये भेजे गए हैं।

पढ़ें  नॉलेज पार्क थाने का शैक्षिक भ्रमण: शारदा स्कूल ऑफ लॉ के छात्रों ने जानी FIR से मानवाधिकार तक की प्रक्रिया

कॉरपस फंड के इस्तेमाल के लिए बनेगी नियमावली

प्राधिकरण ने कॉरपस फंड की धनराशि खर्च करने के लिए नियमावली तैयार की है। इसमें वन टाइम लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज, रेस्टोरेशन चार्ज, एक्सटेंशन चार्ज, प्लान प्रोसेसिंग फीस, लेट पेमेंट पेनल्टी, कंप्लीशन फीस, पानी और सीवर कनेक्शन शुल्क तथा मॉर्गेज परमिशन फीस जैसी मदों को शामिल किया गया है।

औद्योगिक निवेश के लिए किसानों से खरीदी जाएगी जमीन

इन्वेस्ट यूपी से प्राप्त लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर आने वाले प्रस्तावों को देखते हुए सेक्टर-4 और सेक्टर-8 में औद्योगिक भूखंडों के लिए जमीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए किसानों की आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदी जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को भी बोर्ड की सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब प्राधिकरण इस योजना के लिए सेक्टर चिह्नित करने, भूखंड नियोजित करने और ब्रोशर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

आवासीय भूखंडों पर निर्माण के लिए एक साल अतिरिक्त समय

आवासीय योजनाओं के आवंटियों को बड़ी राहत देते हुए भवन निर्माण की समय सीमा एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। अब भूखंडों की लीज डीड निष्पादित होने के बाद निर्माण की निःशुल्क समय सीमा 31 दिसंबर 2027 तक रहेगी। पहले यह समय सीमा 31 दिसंबर 2026 थी। प्राधिकरण ने यह निर्णय किसानों के मुकदमों, न्यायालय के स्थगन आदेशों और सड़क, सिविल एवं इलेक्ट्रिकल कार्यों में देरी को देखते हुए लिया है।

किसानों को 3183 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त मुआवजा

बोर्ड बैठक में किसानों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी भी रखी गई। अब तक 14,281 किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन किया जा चुका है। इनमें 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं और 5,147 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर यानी नो लिटिगेशन इंसेंटिव के तहत किसानों को लगभग 3,183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

पढ़ें  प्लास्टिक को एकत्र करने के लिए ग्रेनो की सोसाइटियों में लगेंगी प्लास्टिक बिन, पहले चरण में 40 सोसाइटियों में डस्टबिन लगाने की योजना
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment