यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले की बिसरख कोतवाली क्षेत्र की ऐस डिविनो सोसाइटी में शुक्रवार को 36 वर्षीय व्यक्ति ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रहे थे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से चार दिन पहले इसी क्षेत्र की गौड़ सिटी-1 के फर्स्ट एवेन्यू सोसाइटी में एक युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी, जो कि अवसाद में था। वहीं, नोएडा में 3 अक्तूबर को सुपरनोवा सोसायटी में एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी थी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह को पीआरवी-112 के माध्यम से थाना बिसरख पुलिस को सूचना मिली कि ऐस डिविनो सोसाइटी में एक व्यक्ति ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां जांच के दौरान मृतक की पहचान अनिल कुमार (36) पुत्र संतोष कुमार निवासी ऐस डिविनो सोसाइटी थाना बिसरख ग्रेटर नोएडा के रूप में हुई है।
वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि अनिल कुमार अवसाद में चल रहे थे। हालांकि घटना के पीछे के अन्य कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा में 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई थी छलांग
नोएडा के सेक्टर 94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी में एक युवक ने 43वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी थी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था और उसके कई टुकड़े हो गए थे। इस घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया था। घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें युवक को बिल्डिंग से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
