भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन को मजबूत करने में जुटे युवा, करप्शन फ्री इंडिया ने संगठन का किया विस्तार

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। गौतम बुद्ध नगर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान को और मजबूत करने के उद्देश्य से करप्शन फ्री इंडिया संगठन की बैठक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रॉन-3 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेक्टर अध्यक्ष सुरेंद्र तोमर ने की। इस दौरान संगठन के विस्तार पर चर्चा के साथ कई नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन की सदस्यता दिलाई गई।

दरअसल, संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय एवं रिंकू बैसला ने कहा कि जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ संगठन लगातार जनजागरूकता अभियान और आंदोलनों के माध्यम से आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार केवल सरकारी व्यवस्था को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका सीधा असर आम जनता के अधिकारों, विकास कार्यों और सुविधाओं पर पड़ता है। ऐसे में युवाओं और जागरूक नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए सुधीर बरहेला को जिला संगठन मंत्री, सत्येंद्र रावल को ब्लॉक संरक्षक, निशांत रावल को ब्लॉक सचिव दादरी तथा मंगल सिंह को आदर्श वेलफेयर सोसाइटी, ओमिक्रॉन-3 का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

नवनियुक्त जिला संगठन मंत्री सुधीर बरहेला सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे जन आंदोलन को गांव-गांव और सेक्टर-सेक्टर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में ब्रह्मपाल सिंह कपसिया, ओमकार प्रधान, मूलचंद शर्मा, संतोष नागर, नीरज भाटी, गिरवर सिंह, जगत सिंह बैसोया, सरदार नागर, सौरभ यादव सहित संगठन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment