संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने किसान आबादी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए खेरलीभाव गांव के 295 किसानों को बड़ी सौगात दी है। सोमवार को आयोजित ड्रॉ के माध्यम से किसानों को भूखंड आवंटित किए गए और उन्हें आवंटन पत्र सौंपे गए। लंबे समय से अपने हक के भूखंड का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है।
दरअसल, प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक करीब 12 हजार किसान आबादी भूखंड आरक्षण के पात्र पाए गए हैं। इनमें से 11 हजार किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 5800 किसानों को भूखंडों के आवंटन पत्र मिल चुके हैं। खेरलीभाव के 295 किसानों को आवंटन इसी प्रक्रिया की अगली कड़ी है।
12 हजार किसान पाए गए पात्र, 5800 को मिला आवंटन पत्र
यीडा की ओर से किसान आबादी भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही है। खेरलीभाव गांव में ड्रॉ की प्रक्रिया तहसीलदार और लेखपाल की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्राधिकरण ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को भूखंड आवंटित किए।
शेष किसानों को भी जल्द मिलेगा उनका हक
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार ने कहा कि सभी शेष पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड आवंटित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्राधिकरण का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान अपने अधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए आरक्षण और आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।
भूखंड मिलने पर किसानों में खुशी
ड्रॉ के जरिए भूखंड मिलने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों ने इस कदम पर खुशी जताते हुए प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया। किसानों को उम्मीद है कि शेष आवंटन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होगी और उन्हें अपने अधिकार का भूखंड मिल सकेगा।
